खेल : श्रीलंका के खिलाफ पहला वनडे दिल्ली में ही होगा
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया है कि श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 दिसंबर को दिल्ली में ही खेला जाएगा। उन्होंने अहमदाबाद में मैच स्थानांतरित किए जाने की खबरों का खंडन किया और कहा कि आयोजन स्थल मानक नीति के तहत तय हुआ है। अरुण जेटली स्टेडियम में निर्माण कार्य के बावजूद वेन्यू में कोई बदलाव नहीं हुआ। सीरीज का आखिरी वनडे अहमदाबाद में होगा।

नई दिल्ली, एजेंसी। श्रीलंका के खिलाफ दिसंबर में तीन मैचों की सीरीज का पहला वनडे दिल्ली में ही खेला जाएगा। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को 13 दिसंबर को होने वाले इस मुकाबले में अहमदाबाद स्थानांतरित करने की खबरों का खंडन किया। उन्होंने कहा, इस मुकाबले की मेजबानी मानक नीति के तहत दिल्ली को सौंपी गई थी। इसके आयोजन स्थल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, इसके अलावा यह दोहराना जरूरी है कि द्विपक्षीय मुकाबलों के आयोजन स्थलों का आवंटन मुख्य रूप से एक मानक नीति के तहत किया जाता है। इससे पहले खबरों में दावा किया गया था कि अरुण जेटली स्टेडियम में जारी निर्माण कार्य के कारण मुकाबले को अहमदाबाद स्थानांतरित किया गया है।
अहमदाबाद में 19 दिसंबर को सीरीज का अंतिम वनडे मुकाबला खेला जाना है। श्रीलंका दौरे पर तीन मैच की टी-20 सीरीज भी खेलेगा।

