टॉपरों का फोकस, यूपीएससी व प्रतियोगिता परीक्षाओं पर
बीबीएमकेयू का तीसरा दीक्षांत समारोह 9 अक्तूबर को होगा, जिसमें 147 टॉपरों को सम्मानित किया जाएगा। अंजलि प्रकाश, नेहा कुमारी, शारीक आलम, शहबाज खान, और लोकनाथ दास जैसे अनेक छात्रों ने उत्कृष्टता हासिल की है और विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

बीबीएमकेयू का तीसरा दीक्षांत समारोह 9 अक्तूबर को विश्वविद्यालय परिसर में ही होगा। इसमें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार गोल्ड मेडलिस्ट टॉपर छात्र-छात्राओं को मेडल व डिग्री प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में 147 टॉपरों को सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग की ओर से टॉपर छात्र-छात्राओं की सूची जारी होने के बाद जश्न का माहौल है। स्नातक व स्नातकोतर की पढ़ाई पूरी करने के बाद इन छात्र-छात्राओं का फोकस यूपीएससी, जेपीएससी समेत अन्य प्रतियोगिता परीक्षा में सफल होकर अधिकारी बनना है। कई छात्रों की इच्छा बैंक पीओ, शिक्षक बनने की भी है। अंजलि को बेस्ट ग्रेजुएट के बाद अब बेस्ट पीजी स्टूडेंट का अवार्ड
बेस्ट पीजी स्टूडेंट का पुरस्कार
सत्र 2022-24 के लिए बेस्ट पीजी स्टूडेंट बनी गणित की छात्रा अंजलि प्रकाश को 1414 अंक प्राप्त हुआ है। अंजलि को दिसंबर 2025 में हुए दूसरे दीक्षांत समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार से ही बेस्ट ग्रेजुएट अवार्ड मिला था। अब फिर पीजी के लिए यह पुरस्कार मिलेगा। धनबाद के हीरापुर मास्टरपाड़ा निवासी अंजलि के पिता ओम प्रकाश ट्यूशन टीचर व मां पूनम देवी गृहिणी हैं। अंजलि प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी में जुट गई हैं। इस कारण स्वयं सोशल मीडिया से दूरी बनाए हुई हैं। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई करें। शिक्षकों के मार्गदर्शन को मानें। निश्चित रूप से सफलता मिलेगी।
नेहा का सपना
गोविंदपुर की नेहा कर रही टीचर बनने की तैयारी
पीजी सत्र 2023-25 की छात्रा नेहा कुमारी 1429 अंक लाकर बेस्ट पोस्ट ग्रेजुएट छात्रा बनी है। गोविंदपुर नारोडीह छोटाअंबोना के समीप रहनेवाली नेहा के पिता निर्मल कुमार महतो रिटायर टीचर व मां पूर्णिमा महतो गृहिणी हैं। सफलता का श्रेय अपने मां-पिता व विश्वविद्यालय के शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि टीचर बनने का सपना है। उसकी तैयारी कर रही हूं। बैंक पीओ के लिए भी तैयारी में जुटी है। 10वीं की पढ़ाई डीएवी सिंदरी से, 12वीं की पढ़ाई राजकमल से व ग्रेजुएशन आरएस मोर कॉलेज गोविंदुपर से पूरी की। उन्होंने जूनियर छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि ध्यान लगाकर पढ़ाई करें। पढ़ाई को घंटों में नहीं बांधे।
शारीक आलम की मेहनत
मेहनत का कोई शॉर्टकट नहीं : शारीक आलम
बीबीएमकेयू के मैनेजमेंट स्टडी सत्र 2023-25 के टॉपर शारीक आलम ने 1237 अंक प्राप्त कर विभाग के टॉपर बने हैं। शारीक आलम ने कहा कि एक टॉपर की असली पहचान उसकी जीत से नहीं, बल्कि उसके संघर्ष से होती है, जो उसने चुपचाप किया होता है। मेहनत और लगन का कोई शॉर्टकट नहीं होता है। लगातार मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।
शहबाज खान का उद्देश्य
लक्ष्य को बड़ा रखें : शहबाज खान
बीबीएमकेयू के पीजी उर्दू विभाग सत्र 23-25 के टॉपर बने शहबाज खान को 1356 अंक प्राप्त हुआ है। शहबाज का कहना है कि किताबों को साथी बना लीजिए, कल यही किताबें आपकी पहचान बनाएंगी। अपने लक्ष्य को बड़ा रखिए। तब तक मेहनत कीजिए जब तक कामयाबी आपके कदम न चूम ले।
लोकनाथ दास की तैयारी
सिविल सेवा की तैयारी करेंगे लोकनाथ
बीबीएमकेयू के स्नातकोत्तर दर्शनशास्त्र विभाग के सत्र 23-25 के टॉपर लोकनाथ दास बने हैं। लोकनाथ को 1218 नंबर मिला है। टॉपर बनने वाले लोकनाथ दास ने सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, अपने परिजनों एवं शिक्षकों को दिया है। लोकनाथ ने बताया कि आगे सिविल सेवा की तैयारी करेंगे। परिस्थिति चाहे जैसी भी हो उन्हें अपने लक्ष्य के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

