ट्रक आनर एसोसिएशन की बैठक आज
लोहरदगा में बॉकसाइट ट्रक मालिकों की एसोसिएशन की आम बैठक मंगलवार को होगी। एसोसिएशन का कहना है कि जिला खनन अधिकारी द्वारा ट्रक चालकों पर अत्यधिक जुर्माना लगाया जा रहा है, जिससे आर्थिक संकट उत्पन्न हो रहा है। बैठक में आगे की रणनीति और आंदोलन की घोषणा की जाएगी।

लोहरदगा, संवाददाता। बाक्साइट ढुलाई में लगे ट्रक मालिकों पर लगातार हो रही कार्रवाई और भारी जुर्माने को लेकर लोहरदगा-गुमला ट्रक आनर एसोसिएशन की आम बैठक मंगलवार को सुबह 10 बजे लोहरदगा बक्शीडीपा स्थित एसोसिएशन कार्यालय में होगी। बैठक में आगे की रणनीति तय करने के साथ आंदोलन की घोषणा किए जाने की बात कही गई है।एसोसिएशन का आरोप है कि ऊपर पाट क्षेत्र की विभिन्न बाक्साइट माइंस में चलने वाले ट्रकों को आए दिन जिला खनन अधिकारी द्वारा पकड़ा जा रहा है। ट्रक मालिकों का कहना है कि वाहनों को कथित रूप से गलत तरीके से फंसाकर ढाई लाख से तीन लाख रुपये तक का जुर्माना किया जा रहा है।
इससे ट्रक मालिकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। एसोसिएशन के अधिकारियों ने कहा कि बैठक में इन सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ आगे की रणनीति तय की जाएगी। आंदोलन के स्वरूप की घोषणा भी बैठक में किए जाने की संभावना है। एसोसिएशन ने सभी बाक्साइट ट्रक मालिकों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपनी एकजुटता दिखाने की अपील की है।


