कोरोना से जंग: टीकाकरण के पहले सप्ताह में दक्षिणी राज्य आगे निकले, बिहार और झारखंड में बेहद कम रफ्तार
देश में कोरोना टीकाकरण अभियान को एक सप्ताह पूरा हो चुका है। पहले चरण में अब तक 14 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया गया है। दुनिया के सबसे बड़े इस अभियान में देश के दक्षिणी राज्य सबसे आगे हैं। इनमें...

देश में कोरोना टीकाकरण अभियान को एक सप्ताह पूरा हो चुका है। पहले चरण में अब तक 14 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया गया है। दुनिया के सबसे बड़े इस अभियान में देश के दक्षिणी राज्य सबसे आगे हैं। इनमें कर्नाटक, तेलंगाना समेत कई राज्य शामिल हैं। वहीं, कोरोना से सुरक्षा कवच लेने वाले उत्तरी राज्यों में यूपी सबसे आगे हैं जबकि दिल्ली, पंजाब समेत बाकी राज्यों में रफ्तार थोड़ी सुस्त है।
कर्नाटक में सबसे अधिक टीकाकरण:
स्वास्थ्य मंत्रालय के रोजाना जारी आंकड़ों के अनुसार, कर्नाटक में अब तक सबसे अधिक 1.85 लाख लोगों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 1.33 लाख, ओडिशा में 1.30 लाख और उत्तर प्रदेश में 1.23 लाख से अधिक लोग वैक्सीन ले चुके हैं। वहीं, शहरों के लिहाज से त्रिवेंद्रम में सर्वाधिक 65 फीसदी स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका दिया गया है। इसके बाद मुंबई में 60 फीसदी और दिल्ली में 55 प्रतिशत लोग आगे आए हैं।
बिहार, झारखंड में बेहद कम रफ्तार:
देश के कुछ इलाकों में टीका लगाने को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों में उत्साह बेहद कम है। केंद्र शासित प्रदेश दमन-द्वीव में अब तक सबसे कम महज 94 लोगों ने टीका लगवाया है। इसके अलावा बिहार में करीब 64 हजार, हरियाणा में 62,142, झारखंड में 14,806, उत्तराखंड में 10,514 लोगों को ही वैक्सीन की पहली खुराक दी गई है।
भारत दुनिया में आठवें पायदान पर:
अब तक लगे कुल टीकों की संख्या के लिहाज से भारत सबसे ज्यादा टीके लगाने वाले राज्यों में आठवें पायदान पर है। देश में रोजाना औसतन ढाई लाख टीके लगाए जा रहे हैं। कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाने वालों में अमेरिका सबसे आगे है। अमेरिका में अब तक 1.76 करोड़, चीन में 1.5 करोड़ और ब्रिटेन में 54 लाख लोगों को वैक्सीन की खुराक दी गई है। वहीं, आबादी के लिहाज से इजरायल ने 38 फीसदी (33 लाख) को वैक्सीन लगाने का काम पूरा कर लिया है।
सबसे अधिक टीका लगाने वाले टॉप-5 राज्य
राज्य टीकाकरण (लाख में)
कर्नाटक 1.85
आंध्र प्रदेश 1.32
ओडिशा 1.30
यूपी 1.24
तेलंगाना 1.10
शहरों में दिल्ली तीसरे पायदान पर
शहर टीकाकरण (फीसदी में)
त्रिवेंद्रम 65.9
मुंबई 60.2
दिल्ली 54.5
बेंगलुरु 47.9
चेन्नई 47.6
बड़े राज्यों में ये काफी पीछे
राज्य टीकाकरण
पश्चिम बंगाल 84505
महाराष्ट्र 74960
बिहार 63620
हरियाणा 62142
राजस्थान 43947
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


