सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक को कर दिया गया नजरबंद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बस्ती दौरे पर भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मनोरमा नदी की सफाई का मुद्दा उठाने की कोशिश की थी। विपक्षी नेताओं को भी पुलिस ने रोका। यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

बस्ती, निज संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बस्ती दौरे पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य चन्द्रमणि पाण्डेय को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। इस कार्रवाई ने प्रशासनिक निर्णय को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए। चंद्रमणि पाण्डेय का नाम मुख्यमंत्री के स्वागत करने वालों की सूची में था। वह सत्तारूढ़ दल भाजपा के ही वरिष्ठ पदाधिकारी हैं। हैरानी की बात है कि भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने चंद्रमणि को सीएम के प्रस्थान के दौरान उनको वहां पर विदाई करने की जिम्मेदारी दी थी, बावजूद इसके उन्हें हाऊस अरेस्ट कर लिया गया। भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय ने कहा कि उनका किसी प्रकार का विरोध-प्रदर्शन प्रस्तावित नहीं था। वह केवल मनोरमा नदी की सफाई और उससे जुड़े जनहित के मुद्दे को मुख्यमंत्री के सामने रखना चाहते थे। इसके बावजूद उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। उनके घर पर एसआई साथ पुलिस कर्मी को बैठा दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के दौरे पर भाजपा के ही कार्यकर्ताओं को कानून-व्यवस्था के नाम पर हाउस अरेस्ट किया जाएगा, तो जनहित के मुद्दे मुख्यमंत्री तक कैसे पहुंचाया जाएगा। उन्होंने इस हरकत को उच्चधिकारियों की ओर से अपनी कमियों को छिपाने का प्रयास करार दिया। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ दशक से मनोरमा नदी की सफाई के लिए धरना-प्रदर्शन, न्यायालय की शरण लेने और स्वयं सफाई अभियान चलाने तक का कार्य कर चुके हैं। इस बाबत एसएचओ हर्रैया संजय कुमार ने बताया कि चन्द्रमणि पाण्डेय को हाऊस अरेस्ट नहीं किया गया है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि सीएम के कार्यक्रम की तैयारी के चलते जानकारी नहीं हुई, पुलिस व प्रशासन से बात किया जाएगा। दोपहर बाद चंद्रमणि पाण्डेय ने बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री कार्यक्रम से कुछ देर पहले एक प्रशासनिक अधिकारी ने फोन कर कार्यक्रम स्थल पर गाड़ी भेजकर बुलाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया। भाजपा नेता चंद्रमणि पाण्डेय को हाउस अरेस्ट करने का मामला सोशल मीडियो पर तेजी से वायरल हुआ। स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मीडिया हाउसों ने डिजिटल खबर चलाया तो कई रिपोर्टरों ने इसे सोशल मीडिया पर टैग करते हुए कार्रवाई पर तीखा सवाल उठाया.
सपा, बसपा व कांग्रेस नेताओं को भी घर पर रोका
कप्तानगंज/नगर बाजार। सीएम के आगमन पर मिलने व ज्ञापन देने की तैयारी कर रहे विपक्षी दलों के कई लोगों को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया। परसरामपुर क्षेत्र निवासी सपा नेता प्रवीण पाठक को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया। सोशल मीडिया पर सीएम का विरोध करने की बात पोस्ट करने वाले सपा नेता समीर चौधरी को उनके घर पर रोक लिया गया। तूफानी यादव के नरायनपुर तिवारी गांव पर पुलिस पहले पहुंच गई। कांग्रेस के जिला सचिव और अनूप पाठक को उनके साथियों संग गोविंदपारा स्थित उनके घर पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया गया। नगर बाजार थानाक्षेत्र निवासी बसपा नेता केपी राठौर को पुलिस ने उनके गांव सिसवारी रघुवीर सिंह स्थित घर पर नजरबंद कर दिया।


