बरेका ने 50वां अमृत भारत लोको बनाया
हिन्दुस्तान, वाराणसी
वाराणसी स्थित बरेका ने मौजूदा वित्तीय वर्ष में अपना 50वां अमृत भारत पुश-पुल लोकोमोटिव तैयार किया है। गैर-वातानुकूलित अमृत भारत ट्रेनों के लिए बना यह आधुनिक लोकोमोटिव उत्तर पश्चिम रेलवे के भगत की कोठी डीजल लोको शेड भेजा गया। महाप्रबंधक ने इसे ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का प्रतीक बताया। स्थापना से अब तक बरेका 11,531 रेल इंजन बना चुका है।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। बरेका ने अपनी उत्कृष्ट उत्पादन क्षमता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए मौजूदा वित्तीय वर्ष में 50वें अमृत भारत लोकोमोटिव का निर्माण किया है। यह लोको उत्तर पश्चिम रेलवे (एनडब्ल्यूआर) के भगत की कोठी (जोधपुर) स्थित डीजल लोको शेड को भेजा गया है। गैर वातानुकूलित (नॉन एसी) अमृत भारत ट्रेनों के लिए निर्मित पुश-पुल लोकोमोटिव आधुनिक तकनीक से सुसज्जित है। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि बरेका का प्रत्येक लोकोमोटिव देश की औद्योगिक आत्मनिर्भरता, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता का प्रतीक है। पुश-पुल लोकोमोटिव का निर्माण ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को सशक्त बनाता है।
बता दें कि बरेका स्थापना से अब तक कुल 11,531 रेल इंजनों का निर्माण कर चुका है, जिनमें 3,195 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव शामिल हैं।

