विवाहिता ने पति और ससुरालियों पर गर्भपात का केस दर्ज कराया
कोठी, बाराबंकी में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुरालियों पर दहेज की मांग, मारपीट और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इससे महिला और उसके एक साल के बेटे को खतरा महसूस हो रहा है।

कोठी, बाराबंकी। असंद्रा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति समेत अन्य ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर बुधवार को असंद्रा पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। असंद्रा थाना क्षेत्र के शाहाबाद मजरे जरगावां गांव निवासी कैफा पुत्री हसीब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका निकाह एक मई 2024 को अमेठी जिले के कस्बा व थाना फुर्सतगंज निवासी सलमान खान से हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति सलमान खान, ससुर साबिर अली, जेठ इमरान, जेठानी सलमा, देवर इरफान और ननद रोशनी उससे अतिरिक्त दहेज में सोने की चेन और पांच लाख रुपये नकद मांगने लगे।
वे उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति के किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध भी हैं। जिससे पति उसके साथ मारपीट करता है। महिला ने बताया कि उसका एक साल का बेटा अली अब्बास है। उसने आरोप लगाया कि दोबारा गर्भवती होने पर ससुराल वाले उसे उसकी मर्जी के खिलाफ रायबरेली के संजीवन नर्सिंग होम ले गए। वहां 9 अगस्त को उसका करीब दो महीने का गर्भ गिरा दिया गया। कैफा ने बताया कि इसका विरोध करने पर 21 अगस्त की रात पति समेत अन्य ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की। उसे जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। इसके बाद से वह मायके में है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके ससुर होमगार्ड हैं। असंद्रा इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर छह ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।


