प्रवासी कल्याण विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक
बांका में डीएम अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में श्रम संसाधन एवं प्रवासी कल्याण विभाग की बैठक हुई। बैठक में सभी प्रखण्डों का लक्ष्य तय करने, बाल श्रमिकों के खिलाफ कार्रवाई और योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया। 2026 के श्रावणी मेले में मुक्त कराए गए बाल श्रमिकों को सहायता देने की बात भी की गई।

बांका। नगर प्रतिनिधि शनिवार को डीएम अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में श्रम संसाधन एवं प्रवासी कल्याण विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा योजनाओं की समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया गया कि सभी प्रखण्डों का लक्ष्य निर्धारित किया जाए ताकि श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन किया जा सके। साथ ही बाल श्रमिकों के संबंध में सघन छापेमारी का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों के लिए योजना-वार लक्ष्य निर्धारित करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने तथा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभुकों तक पहुंचाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
श्रावणी मेला 2026 के में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा मुक्त कराए गए 03 बाल श्रमिकों को आवश्यक सहायता करने हेतु निर्देश दिया गया कि उक्त बाल श्रमिक तथा उनके परिवार को सरकारी लाभ प्रदान करवाया जाए तथा उनका विद्यालय में नामांकन हो। समय अंतराल पर बच्चों के पठन-पाठन एवं सुरक्षा का भी जायजा लिया जाए। साथ ही बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत निजी भवनों से उपकर (लेबर सेस) की राशि की वसूली हेतु विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी द्वारा बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के अन्तर्गत बिहार राज्य के बाहर दुर्घटना के फलस्वरूप मृत्यु होने की स्थिति में तीन प्रवासी श्रमिकों के आश्रितों को 02-02 लाख रुपये का स्वीकृतादेश वितरण किया गया। बैठक में श्रम अधीक्षक निखिल कुमार रंजन के साथ बांका जिला के सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी उपस्थित रहे।


