बैंक हड़ताल से 1200 करोड़ का कारोबार प्रभावित

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

-पांच दिवसीय बैंकिंग समेत मांगों को लेकर अधिकारी-कर्मचारी रहे हड़ताल पर -मुख्य गेट पर लटके

बैंक हड़ताल से 1200 करोड़ का कारोबार प्रभावित

-एनआईटी में पीएनबी के बाहर जुटे बैंककर्मी

सरकार से जल्द समाधान की मांग

-सरकारी बैंकों में कामकाज ठप

बैंक शाखाओं के बाहर लौटे ग्राहक

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। स्मार्ट सिटी में विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को सरकारी बैंकों की हड़ताल रही। इस दौरान बैंकों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण अधिकांश शाखाओं के मुख्य गेट पर ताले लटके रहे। बैंककर्मियों ने शाखाओं के बाहर प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। हड़ताल के चलते शहर में करीब 1200 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है.

कर्मचारियों की मांग पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था हो लागू

एनआईटी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर सुबह काफी संख्या में बैंक अधिकारी और कर्मचारी एकत्र हुए। ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन, गुरुग्राम सर्किल के पदाधिकारियों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। फेडरेशन के सर्किल चेयरमैन सुधीर कुमार गिरी, मंडल अध्यक्ष नितिन कुमार यादव और सचिव अशोक प्रियदर्शी समेत अन्य बैंक यूनियनों के नेता मौजूद रहे। बैंककर्मियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांगों को जल्द लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कर्मचारियों की मांगों को सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए। यदि इसके बाद सरकार ने कोई समाधान नहीं निकाला तो हड़ताल को और तेज किया जाएगा। इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी.

कई बैंकों के कर्मचारी हड़ताल में शामिल

शुक्रवार को सुबह से शाम तक ग्राहक बैंकिंग कार्यों के लिए विभिन्न बैंक शाखाओं में पहंचे, लेकिन गेट पर ताला लगा होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। इस दौरान नकद जमा और निकासी, चेक जमा और भुगतान, ड्राफ्ट, नए खाते खोलने, केवाईसी अपडेट, पासबुक और लोन से जुड़े शाखा स्तर के कई काम प्रभावित रहे। बैंक बंद होने से काउंटर से होने वाली सामान्य सेवाएं नहीं मिल सकीं। हालांकि एटीएम और डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहीं। ऑनलाइन ट्रांसफर, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए ग्राहक कई जरूरी काम कर सके। इसके बावजूद जिन ग्राहकों को शाखा में जाकर काम कराना था, उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा.

बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की मांग है कि बैंकों में पहले की तरह पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होनी चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से इस मांग को सरकार के समक्ष उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। इसके अलावा पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) में मौजूद विसंगतियों को दूर करने और अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की भी मांग की गई है। उन्होंने कहा कि बैंककर्मी लगातार ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए काम करते हैं। उनकी लंबित मांगों पर सरकार और संबंधित विभाग को सकारात्मक पहल करनी चाहिए। कर्मचारियों ने कहा कि हड़ताल उनकी मजबूरी है और सरकार को बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना चाहिए.

सरकार से जल्द समाधान की मांग

हड़ताल में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, आईडीबीआई बैंक, केनरा बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया समेत कई सरकारी बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। ग्रामीण बैंकों और जिला सहकारी बैंकों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी हड़ताल का समर्थन किया। जिले में बैंक शाखाओं के बंद रहने का असर कारोबार पर भी पड़ा। ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन के मंडल अध्यक्ष नितिन कुमार ने बताया कि एक दिन की हड़ताल से शहर में करीब 1200 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। जिसके चलते व्यापारियों और ग्राहकों को बैंकिंग लेनदेन के लिए वैकल्पिक माध्यमों का सहारा लेना पड़ा. ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन के सचिव अशोक प्रियदर्शी ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लंबे समय तक लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। सरकार को यूनियनों के साथ बातचीत कर समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगे आंदोलन को लेकर यूनियनें रणनीति तय करेंगी.

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦हड़ताल के कारण कितने करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ?−
हड़ताल के चलते शहर में करीब 1200 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsबैंक हड़ताल से 1200 करोड़ का कारोबार प्रभावित