मांगों के समर्थन में हड़ताल पर रहे अनुमंडल के सरकारी बैंक कर्मी
घाटशिला में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार को सरकारी बैंकों की हड़ताल रही, जिससे लगभग 50 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ। हड़ताल से आम जनता और व्यापारी परेशान हुए। बैंकों के कर्मचारी सरकार से सप्ताह में 5 दिनों का कार्य करने की मांग कर रहे हैं।

घाटशिला। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार को घाटशिला अनुमंडल के सभी सरकारी बैंक में हड़ताल रही। इसके कारण लगभग 50 करोड़ से भी अधिक का कारोबार प्रभावित हुआ। आहूत बैंक हड़ताल के समर्थन में धालभूमगढ़ के बैंक भी शामिल रहे। बैंकों के बंद रहने से आम आदमी और व्यापारी को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिन्हें हड़ताल के संबंध में जानकारी नहीं थी, वह बैंक आकर निराश लौट गये। इधर, सरकारी बैंक के कर्मचारियों ने रैली निकाल गैर सरकारी बैंक को भी बंद करवाया। दूसरी ओर 11 को बैंक हड़ताल और 12 को दूसरा शनिवार फिर रविवार होने से लगातार तीन दिनों तक बैंक बंद हो जाने से आम आदमी एवं व्यापारी तथा सरकारी काम भी प्रभावित होगा।
बैंकों के कर्मचारी एवं पदाधिकारी ने सरकार से सप्ताह में 5 दिनों का बैंकिंग कार्य किए जाने की मांग के साथ, कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण फैसले पर रोक लगाने, यूनियन के साथ भेदभाव से परे हटकर द्विपक्षीय वार्ता के जरिए योजनाओं में बदलाव करने और बैंक कर्मचारी एवं अधिकारियों की बची हुई समस्याओं का समाधान करने, जैसे चार सूत्री मांगों के समर्थन में एक दिवसीय हड़ताल में शामिल रहे।


