सटीक मुखबरी पर बैंक पहुंचा था मानस, 24 घंटे में 20 से ज्यादा लोगों को किया था फोन
गोमतीनगर में बैंक अधिकारी मानस ने पत्नी और बहन की हत्या के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस को पता चला है कि इस वारदात में अन्य व्यक्ति भी शामिल था, जिसने मानस को दिव्या के बैंक पहुंचने की जानकारी दी थी। पुलिस कई संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

गोमतीनगर में पत्नी और बहन की हत्या करने के बाद बैंक अफसर मानस की आत्महत्या के मामले में पुलिस को घटना से जुड़ी कई अहम जानकारियां तफ्तीश के दौरान मिली हैं। पुलिस को पता चला है कि वारदात में मानस के अलावा एक अन्य व्यक्ति भी शामिल है। उसने दिव्या के बैंक पहुंचने की जानकारी मानस को फोन दी थी। सटीक मुखबिरी पर मानस आटो से बैंक पहुंचा और उसने बिना देर किए उसकी हत्या कर दी। मानस ने वारदात से 24 घंटे पहले करीब 20 से ज्यादा लोगों से फोन पर बात की थी। मानस की काल डिटेल्स के आधार पर पुलिस कई लोगों पर नजर रखे हुए है। इनमें से कई नंबर तो ऐसे हैं जिनसे वह अक्सर बात करता था। उसके कार्यक्षेत्र से जुड़े थे। जबकि कुछ संदिग्ध नंबर मिले हैं। पुलिस उन संदिग्धों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। जल्द पुलिस घटना से जुड़े कई अन्य बिंदुओं पर खुलासे कर सकती है। दिव्या मिठाई वाला चौराहे के पास आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर तैनात थी। वह सुबह बैंक पहुंची। इसके बाद वह एक साथी के साथ विजिट पर गई थी। दिव्या गुरुवार दोपहर वापस करीब 12:19 बजे बैंक के गेट पर पहुंची थी। इसकी सूचना मानस को मिली और वह भी तत्काल ऑटो से पहुंच गया। दिव्या बैंक के अंदर जा रही थी, तभी मानस ने पीछे से उसे खींचा और पीटने लगा। इसके बाद असलहे की बट से सिर पर प्रहार किए और फिर माथे पर सटा कर गोली मार दी। इसके बाद आटो में बैठा और घर पहुंचकर उसी पिस्टल से बहन की हत्या कर दी। फिर खुद को गोली मार ली थी.
असलहा मुहैया कराने वाले कई पुलिस की रडार पर :
असलहा मुहैया कराने वाले कुछ लोगों को गोमतीनगर पुलिस ने रडार पर ले लिया है। उनकी तलाश में पुलिस की चार टीमें पड़ोसी जनपदों के साथ ही गैर राज्यों में दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही असलहा मुहैया कराने वाला गिरफ्तर में होगा।
बैंक में साथियों से होगी पूछताछ :
पुलिस टीम सोमवार को बैंक पहुंचेगी। टीम जानकीपुरम स्थित मानस की बैंक के कर्मचारियों और अधिकारियों से पूछताछ करेगी। घटना के दो से चार दिन के अंदर मानस का कैसा व्यवहार था? मानस ने मिलने बैंक कौन कौन आता था? किस तरह के लोगों से वह संपर्क में था? इन बिंदुओं पर पुलिस टीम उसके साथी कर्मचारियों से पूछताछ करेगी।


