फोटो- विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर इंडियन बैंक के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने 5 दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, भेदभाव समाप्त करने और अन्य लंबित मांगों के समाधान की मांग की। उन्होंने सरकार और बैंक प्रबंधन से तत्काल निर्णय लेने की अपील की।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर शुक्रवार को नगर के घंटाघर स्थित इंडियन बैंक के बाहर विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, पीएलआई में व्याप्त भेदभाव समाप्त करने तथा कर्मचारियों एवं अधिकारियों की अन्य लंबित मांगों के समाधान की मांग उठाई। कर्मचारियों ने सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा किए जाने की आवाज बुलंद की। वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय के साथ बैंकिंग क्षेत्र में भी पांच दिवसीय कार्यप्रणाली लागू किया जाना जरूरी है।
इससे कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिल सकेगा और वे अधिक ऊर्जा एवं बेहतर कार्यक्षमता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारी देश की अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बैंकिंग सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए कर्मचारी लगातार कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हैं। ऐसे में उनकी जायज मांगों पर सरकार और बैंक प्रबंधन को सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों की एकजुटता साफ नजर आई। इस दौरान आलोक दुबे, मुनेंद्र वार्ष्णेय, माधव शर्मा, डॉ के के तोमर, शिवानी अग्रवाल, राहुल सोलंकी, गिरीन्द्र अग्रवाल, मेघा सिंह, मनोज गोयल, विपिन चौधरी तूलिका बारणवाल आदि शामिल रहे।


