रुड़की में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर बैंक कर्मचारियों का प्रदर्शन
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर, देशभर के बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। उन्होंने बैंकिंग व्यवस्था में सुधार और प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन राशि की मांग की। रुड़की में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बाहर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और वित्त मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
रुड़की। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को देशभर के बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को बिना विलंब लागू करने और स्केल चार से स्केल आठ तक के अधिकारियों को प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन राशि (पीएलआई) दिए जाने के विरोध में बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इसी क्रम में यूएफबीयू की रुड़की इकाई की ओर से शुक्रवार सुबह दस बजे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की सिविल लाइंस मुख्य शाखा के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बैंक कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पांच दिवसीय कार्य प्रणाली तत्काल लागू करने की मांग की।
कर्मचारियों ने वित्त मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई। प्रदर्शन में रुड़की और आसपास की विभिन्न बैंक शाखाओं में कार्यरत कर्मचारी, हाउस कीपिंग स्टाफ, ग्राहक सेवा सहयोगी तथा स्केल तीन तक के अधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेना चाहिए। यूएफबीयू की हड़ताल में एआईबीईए, एआईबीओसी, एनसीबीई, एआईबीओए, बीईएफआई, आईएनबीईएफ और आईएनबीओसी समेत प्रमुख बैंक यूनियनें शामिल रहीं। प्रदर्शन का नेतृत्व यूएफबीयू रुड़की इकाई के संयोजक मन्नू माकिन ने किया।


