यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस पलामू के बैंकों में रही हड़ताल, 100 करोड़ का कारोबार प्रभावित
मेदिनीनगर में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की हड़ताल में बैंक कर्मचारियों ने पांच दिन कार्य सप्ताह, पेंशन अपडेट, और आउटसोर्सिंग खत्म करने की मांग की। हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं, और लगभग 100 करोड़ का कारोबार ठप रहा। ग्राहक अब सोमवार को अपने कार्यों को पूरा कर सकेंगे।

मेदिनीनगर, संवाददाता। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को देशभर के बैंक कर्मचारियों के साथ पलामू के बैंकर्स ने भी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की। हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों ने पांच दिन कार्य सप्ताह लागू करने, पेंशन अपडेट करने, आउटसोर्सिंग बंद करने सहित अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया। हड़ताल से संबंधित जारी मांगों में आउटसोर्सिंग बंद कर पर्याप्त स्टाफ और अधिकृत कर्मचारियों की बहाली की मांग शामिल है। हड़ताल से बैंकिंग सेवाओं पर काफी असर पड़ा। पलामू जिले में करीब 100 करोड़ का कारोबार ठप रहा। ग्राहकों को कार्य का निष्पादन के लिए अन्य माध्यमों का सहारा लेना पड़ा। चेक क्लीयरेंस, कैश जमा-निकासी और लोन प्रोसेसिंग जैसी सेवाएं प्रभावित हुई है। महीने के दूसरे शनिवार तथा रविवार के कारण दो दिन और बैंक बंद रहेंगे। ग्राहकों का काम अब सोमवार को हो सकेगा।
हड़ताल की माँगे
पलामू में हड़ताल कर बैंक परिसर में प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों ने पांच दिन कार्य सप्ताह लागू करने की मांग दोहराई। सभी बैंकों में शनिवार को छुट्टी रखने की मांग की गई। इसके अलावा पेंशन अपडेशन करने तथा पेंशनधारियों को एकसमाज भत्ता की मांग भी की गई है। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि पेंशनधारियों के हित में पेंशन अपडेशन किया जाना जरूरी है। हड़ताल में पुरानी पेंशन योजना का मुद्दा भी उठाया गया। मांग की गई कि राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के दायरे में आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल होने का विकल्प दिया जाए। इसके साथ ही पीएलआई योजना को लेकर पुराने नियमों के तहत स्पष्ट और संतोषजनक संशोधन करने की मांग की गई है। आउटसोर्सिंग सिस्टम बंद कर पर्याप्त स्टाफ और अधिनस्थ कर्मचारियों की बहाली की जाए।
प्रदर्शन का आयोजन
मेदिनीनगर में भारतीय स्टेट बैंक के कचहरी कंपाउंड स्थित मुख्य शाखा परिसर में भी बैंकर्स, अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इसमें पलामू सर्किल के उपाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह समेत विभिन्न बैंक कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों पर बैंक प्रबंधन और संबंधित स्तर पर सकारात्मक पहल की जरूरत है। आक्रोश प्रदर्शन में ओमप्रकाश दूबे, अनुप कुमार सिंह, पंकज राज, मनीष राज, अविनाश कुमार सिंह, दीपू कुमार, आर वाला विग्नेश, जतिन प्रकाश, संजय कुमार, विनय राजहंश, रोहित सिंह, नवीन सिंह, आकाश कुमार, संजय कुमार राम, दिनेश कुमार, नीलेश कुमार, रविशंकर प्रसाद, पंकज कुमार, सत्यदेव भगत, अविनाश कुमार, दुर्गेश कुमार, प्रदीप सिंह आदि ने भाग लिया।

