सैफ अली खान पर हमले के आरोपी ने जुर्म कबूलने की इच्छा जताई
अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने के आरोपी बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद शरीफुल इस्लाम ने अदालत में अपना जुर्म कबूलने की इच्छा जताई। उसने नरमी बरतने का अनुरोध किया। इस मामले की सुनवाई 11 सितंबर तक स्थगित कर दी गई है। सैफ अली खान पर हमला जनवरी 2025 में हुआ था।

-अदालत में आवेदन देकर नरमी बरतने का अनुरोध किया मुंबई, एजेंसी। अभिनेता सैफ अली खान पर पिछले साल जनवरी में बांद्रा स्थित उनके आवास पर चाकू से हमला करने के आरोपी बांग्लादेशी नागरिक ने शुक्रवार को अदालत में आवेदन देकर मामले में अपना जुर्म कबूल करने की इच्छा जताई।इस घटना के दो दिन बाद गिरफ्तार मोहम्मद शरीफुल इस्लाम फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। उसके वकील विपुल दुशिंग ने बताया कि शरीफुल इस्लाम ने अदालत में एक आवेदन दायर कर अपना जुर्म कबूल करने की इच्छा जताई और नरमी बरतने का अनुरोध किया। अदालत ने इस मामले में अभियोजन पक्ष से जवाब दाखिल करने को कहा और सुनवाई 11 सितंबर तक स्थगित कर दी।
इस महीने की शुरुआत में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जीपी देशमुख ने शरीफुल इस्लाम के खिलाफ आरोप तय किए थे, जिससे मामले में सुनवाई का रास्ता साफ हो गया था।शरीफुल इस्लाम ने 16 जनवरी 2025 को बांद्रा इलाके में 12वीं मंजिल के अपार्टमेंट के अंदर सैफ अली खान पर चाकू से कई बार हमला किया था। अभिनेता की लीलावती अस्पताल में आपातकालीन सर्जरी की गई थी और पांच दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।


