शेख हसीना की बेटी का डब्ल्यूएचओ के क्षेत्रीय निदेशक पद से इस्तीफा
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे का कारण कथित धोखाधड़ी और अनियमितताओं की जांच है। हसीना के परिवार पर राजनीतिक दबाव बढ़ रहा है, खासकर 2024 में सत्ता परिवर्तन के बाद।

ढाका, एजेंसी। बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक के पद से इस्तीफा दे दिया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक कथित धोखाधड़ी और अन्य अनियमितताओं को लेकर चल रही जांच के बीच उन्होंने बुधवार को इस्तीफा दिया। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने उनके इस्तीफे के पत्र को देखने के बाद बताया कि इसके साथ ही डब्ल्यूएचओ में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया। उनके खिलाफ डब्ल्यूएचओ और बांग्लादेशी अधिकारियों की ओर से अलग-अलग जांच चल रही थी। साइमा वाजेद का इस्तीफा ऐसे समय हुआ है जब शेख हसीना को अगस्त, 2024 में सत्ता से हटाए जाने के बाद उनके परिवार और करीबी सहयोगियों पर राजनीतिक दबाव बढ़ता रहा है।
हसीना को छात्र नेतृत्व वाले आंदोलन के व्यापक जन आंदोलन में बदलने के बाद इस्तीफा देकर बांग्लादेश छोड़ना पड़ा था।


