स्कूल में शिक्षक पर सात वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का आरोप
बांदा के बदौसा क्षेत्र में सात वर्षीय छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि स्कूल के एक शिक्षक ने आठ अक्टूबर को बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। पिता के अनुसार, बच्ची ने लौटने पर मां को घटना बताई। पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा है और बयान व चिकित्सकीय जांच की प्रक्रिया जारी है। एसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में आरोप मनगढ़ंत लग रहे हैं और बच्ची ने ऐसा बयान नहीं दिया है। मामले की जांच जारी है।

बांदा। बदौसा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्राथमिक विद्यालय गई सात वर्षीय छात्रा के साथ शिक्षक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पिता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। रविवार देर शाम बालिका को जिला अस्पताल के वन स्टाप सेंटर भेजा गया। सोमवार को उसका बयान दर्ज कराये जाएंगे। छात्रा के पिता ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह छह अक्टूबर को पत्नी के साथ पैदल यात्रा पर मैहर गए थे। उनकी बेटी गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा है। आरोप है कि स्कूल जाने पर आठ अक्टूबर की दोपहर करीब 12 बजे विद्यालय के शिक्षक ने पानी लाने के बहाने उसे कार्यालय में बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान बालिका दादी और बड़ी मां के पास रह रही थी। पिता ने बताया कि 10 अक्टूबर को मैहर से लौटने पर बेटी ने मां को रोते हुए घटना की जानकारी दी। बदौसा थानाध्यक्ष राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि बालिका को वन स्टाप सेंटर भेजा गया है। बयान और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि प्राथमिक जांच में आरोप मनगढ़ंत लग रहे हैं। छात्रा भी ऐसा कोई बयान नहीं दे रही है। मामले की जांच कराई जा रही है।

