619 गरीबों के पक्के घर का सपना होगा पूरा
बलरामपुर में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 2026-27 के लिए 619 आवासों का लक्ष्य तय किया गया है। ग्रामीण विकास विभाग ने लाभार्थियों के चिन्हांकन और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य वर्गों के लिए आवासों का आवंटन निर्धारित किया गया है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभार्थियों की सूची सरकार को भेजी जाएगी।

बलरामपुर, संवाददाता। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को 619 आवासों का लक्ष्य आवंटित किया गया है। लक्ष्य मिलने के साथ ही ग्रामीण विकास विभाग ने ग्राम पंचायत स्तर पर पात्र लाभार्थियों के चिन्हांकन, पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले को मिले लक्ष्य में अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग को 124, अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग को 174 व अन्य वर्ग को 321 आवास निर्धारित किए गए हैं। ग्राम पंचायतों में पात्र परिवारों का सर्वे कर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थियों की सूची शासन को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आवास स्वीकृत किए जाएंगे।
योजना के तहत प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों, कालाजार एवं जेई-एईएस प्रभावित लोगों, दिव्यांगजनों तथा 50 वर्ष से कम आयु की विधवा महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि जरूरतमंद परिवारों को पहले आवास का लाभ मिल सके। परियोजना निदेशक ग्रामीण विकास विभाग विवेकानंद मिश्र ने बताया कि जिले में पंजीकरण और सत्यापन का कार्य पारदर्शी ढंग से कराया जा रहा है। उन्होंने पात्र परिवारों से अपील की कि वे समय पर सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराएं, जिससे जांच प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर शासन के निर्देशानुसार आवास स्वीकृत किए जा सकें।


