राजकीय डिग्री कॉलेज बायसी में कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न
अनुमंडल राजकीय डिग्री महाविद्यालय बायसी में 11-15 जून को मारवाड़ी कॉलेज के विद्यार्थियों की स्नातक परीक्षा बिना किसी कदाचार के सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सुधांशु शेखर झा ने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि सभी व्यवस्थाएं सजगता से की गई थीं।

बायसी, एक संवाददाता। अनुमंडल राजकीय डिग्री महाविद्यालय बायसी में मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज के विद्यार्थियों की स्नातक पंचम सेमेस्टर की परीक्षा कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गई। परीक्षा के सफल आयोजन पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य सह केंद्राधीक्षक प्रो. (डॉ.) सुधांशु शेखर झा ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं सहयोगी कर्मियों को साधुवाद दिया। प्रधानाचार्य ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान उन्होंने स्वयं महाविद्यालय में उपस्थित रहकर सभी व्यवस्थाओं की निगरानी की तथा परीक्षा संचालन से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा कदाचार की संभावना को समाप्त करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।
महाविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. गोपाल कुमार ने बताया कि 11 जून से 15 जून तक आयोजित परीक्षा में प्रतिदिन 1300 से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा के सफल संचालन में सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉ. बिलाल अली एवं डॉ. अमित कुमार सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त वीक्षकों की आवश्यकता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न विद्यालयों से 20 शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इन शिक्षकों ने पूरी निष्ठा के साथ वीक्षण कार्य का निर्वहन किया। वहीं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बायसी थाना के अवर निरीक्षक विनोद शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। प्रधानाचार्य ने कहा कि एसडीजीडी कॉलेज, बायसी में पहली बार विश्वविद्यालय स्तर की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के सफल संचालन को देखते हुए पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा गर्मी की छुट्टियों को भी रद्द किया गया था। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई।


