बैगा जाति के लोगों ने उपायुक्त से लगाई न्याय की गुहार
हंटरगंज के चकला पंचायत में बैगा जनजाति के परिवार ने अपनी जमीन पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। पिछले 40 वर्षों से वहां रह रहे 17 बैगा परिवारों ने उपायुक्त से कार्रवाई की मांग की है। आरोपी कृष्णा यादव और सुनील यादव द्वारा उन्हें डराने-धमकाने का आरोप है।

हंटरगंज, निज प्रतिनिधि। हंटरगंज प्रखंड के चकला पंचायत में रहने वाले आदिम जनजाति बैगा परिवार ने अपनी जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा के प्रयास का आरोप लगाते हुए उपायुक्त चतरा को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में बैगा समुदाय के लोगों ने बताया है कि वे पिछले 40 वर्षों से चकला गांव में निवास कर रहे हैं। वर्तमान में वहां बैगा जाति के 17 परिवारों के लगभग 120 सदस्य रहते हैं, जिनका मुख्य जीविकोपार्जन खेती-बाड़ी है। वे सभी ग्राम चकला के खाता संख्या 72, प्लॉट संख्या 09, 10, 11 की गैरमजरूआ जमीन पर बसे हुए हैं और उसी पर खेती कर जीवन यापन कर रहे हैं।
आरोप है कि गांव के ही कृष्णा यादव और उसके पुत्र सुनील यादव द्वारा उक्त जमीन पर कब्जा करने की नियत से उन्हें पिछले कुछ वर्षों से डराया-धमकाया जा रहा है। आरोपियों द्वारा असामाजिक और आपराधिक तत्वों को एकत्रित कर बैगा टोला में भय का माहौल बनाया जा रहा है। ताकि बैगा जाति के लोग गांव छोड़कर चले जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी इसी तरह की हरकत आरोपियों के द्वारा की गई थी। जिसकी शिकायत पुलिस प्रशासन से की गई थी। उपायुक्त के आदेश पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी हंटरगंज ने जांच कर आरोपियों को हिदायत भी दी थी, लेकिन इसके बावजूद वे फिर से प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़ित परिवारों ने जान-माल की क्षति की आशंका जताते हुए आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि एसपी, एसडीओ, बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी को भी दी गई है।


