तेज धूप के कारण 41 डिग्री जैसी गर्मी का अहसास
भागलपुर, वरीय संवाददाता। जिले में रविवार का मौसम शुष्क रहा। सुबह से लेकर दोपहर

भागलपुर, वरीय संवाददाता। जिले में रविवार का मौसम शुष्क रहा। सुबह से लेकर दोपहर बाद तक तेज धूप निकली रही। धूप के कारण गर्मी और उमस काफी बढ़ गई। सड़क पर चल रहे लोगों को सूरज की तेज किरणों से जलन का अहसास हुआ। हालांकि दोपहर बाद आसमान में बादलों की आवाजाही और हवा चलने से कुछ राहत मिली। रविवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री रहा, जबकि लोगों को 41 डिग्री जैसी गर्मी का अहसास हुआ। सुबह के समय न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 14 से 16 सितंबर के दौरान, भागलपुर समेत दक्षिण बिहार के जिलों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।
एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने एवं हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। इधर, बीएयू, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि धान में उर्वरक का छिड़काव करें। अरहर के लिए खेत की तैयारी कर लेनी चाहिए। लम्पी रोग से बचाव के लिए पशुओं के बाड़े को साफ और सूखा रखें। प्रतिदिन सफाई के बाद चूने के पाउडर का छिड़काव करें।


