स्कूल परिसर में छात्रों के दो गुट भिड़े, चाकूबाजी में तीन घायल
बदायूं के एक स्कूल में छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद चाकूबाजी और लाठी-डंडे चल गए। इस घटना में तीन छात्र घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बदायूं। शहर के एक स्कूल परिसर में छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद चाकूबाजी और लाठी-डंडे चल गए। घटना में तीन छात्र घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मुरादाबाद-फर्रूखाबाद हाईवे पर द्रौपदी देवी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का है। उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बरायमय खेड़ा निवासी आर्यन सोलंकी पुत्र गिरीश सोलंकी कक्षा 10 के छात्र हैं, जबकि उनका छोटा भाई सूर्य सोलंकी कक्षा 9 में पढ़ता है।
बताया जा रहा है कि स्कूल में किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुटों में विवाद हो गया। इसी दौरान कुछ छात्रों ने आर्यन पर हमला कर दिया। उसे बचाने पहुंचे उसके भाई सूर्य सोलंकी और सहपाठी भविष्य पुत्र विनोद कुमार माथुर पर भी हमला कर दिया गया। चाकू और लाठी-डंडों के हमले में तीनों छात्र घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामले में कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंचीं और घायल छात्रों से घटना की जानकारी ली। एसएसपी ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustan | Bureauहिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
और पढ़ें

