बिजनौर : तालाब के पास मिला हाथी के बच्चे का शव, वन विभाग में मचा हड़कंप
बढ़ापुर में साहूवाला वन रेंज के शाहनगर कुराली गांव के पास एक तालाब के पास हाथी के बच्चे का शव मिला। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हाथी का बच्चा तालाब में डूबने से घायल हुआ और उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से असली कारण पता चलेगा।

बढ़ापुर। साहूवाला वन रेंज क्षेत्र के शाहनगर कुराली गांव में रविवार को तालाब के पास हाथी के एक बच्चे का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग के आला अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची। हाथी के बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए चिकित्सकों की टीम भी मौके पर पहुंच रही है। वहीं, वन विभाग की नजीबाबाद एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मामले की जानकारी ली। डीएफओ नजीबाबाद पृथ्वी सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि हाथी का बच्चा तालाब की ओर गया और संभवतः डूबने लगा।
इस दौरान झुंड के अन्य हाथियों द्वारा उसे बचाने के प्रयास किए गए, जिसके चलते हाथी का बच्चा चोटिल हो गया और उसकी मृत्यु हो गई। हालांकि, हाथी के बच्चे की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वन विभाग द्वारा मामले की पूरी जानकारी पोस्टमार्टम के बाद दी जाएगी।


