सनातन संस्कृति को समाप्त करने की साजिश : मरांडी
झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने महालया और नवरात्र के दौरान दिल्ली में आंदोलन की घोषणा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन और कुछ तत्व त्योहारों के समय आंदोलन कर देश में अस्थिरता और अराजकता फैलाना चाहते हैं। मरांडी ने इसे सनातन संस्कृति के खिलाफ साजिश बताया और लोगों से राजनीतिक दलों के कथित छिपे एजेंडे से सावधान रहने की अपील की।

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने महालया और नवरात्र की शुरुआत के दिन दिल्ली में आंदोलन की घोषणा और उसके राजनीतिक निहितार्थों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि देशवासियों को इसके पीछे की बड़ी साजिश को समझना होगा। यह देश से सनातनियों और सनातन संस्कृति को समाप्त करने की सुनियोजित साजिश है। देशवासियों को ऐसी पार्टियों एवं ऐसे तत्वों के हिडेन एजेंडा से सावधान रहने की जरूरत है। मरांडी ने इसे दिमागी नक्सल का पर्याय करार दिया है। मरांडी ने महालया और नवरात्र की लोगों को हार्दिक शुभकामना देते हुए कहा कि जहां एक तरफ देश महालया जैसे पवित्र और आध्यात्मिक दिन पर व्यस्त हैं, अब नवरात्र की शुरुआत हो रही है, ऐसे में राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिल्ली में इंडी गठबंधन एवं देश तोड़क कुछ तत्वों द्वारा आंदोलन और अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पूरा देश इस त्योहार को धूमधाम से मनाता है। आंदोलन के लिए दूसरा समय भी तो चुना जा सकता था। इस समय को चुनने के पीछे इनकी मंशा साफ है कि देश में अस्थिरता और अराजकता का माहौल कायम हो जाए। यह भारत की संस्कृति को विद्रूप करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतों द्वारा देश को अस्थिर और टुकड़ों-टुकड़ों में विभक्त करने की साजिश कभी सफल नहीं होगी, क्योंकि लोकतंत्र हमारे जीन में है, विचारों में है। भारत विविधताओं से भरा हुआ देश है।


