तानाशाही पर उतर आयी है हेमंत सरकार: बाबूलाल
गिरिडीह के विधायक बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर युवाओं और छात्रों की आवाज़ दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गिरिडीह में अभाविप के कार्यकर्ताओं पर जेएमएम के लोगों द्वारा लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने मांग की कि पुलिस इमरान अजीज खान के खिलाफ मामला दर्ज करे। भाजपा छात्रों के पक्ष में खड़ी है।
गिरिडीह, प्रतिनिधि। झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और धनवार के विधायक बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की मांग कर रहे युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। उक्त बातें बाबूलाल ने शनिवार को नये परिसदन भवन में प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के झंडा मैदान में 21 अगस्त की शाम को सीएम हेमंत सोरेन का पुतला दहन की तैयारी कर रहे अभाविप के कार्यकर्ताओं के साथ झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया मारपीट सुनियोजित था। अपनी न्यायसंगत मांगों को लेकर जुटे युवाओं के साथ हुई झड़प व मारपीट बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के झंडा मैदान, रामगढ़ व रांची में युवाओं के साथ हुई घटना अचानक की नहीं थी। इसकी पटकथा हेमंत सोरेन ने 18 अगस्त को ही लिख दी थी। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 22 नियुक्तियां एक साथ रद्द करना हेमंत सरकार का शातिर चाल थी। जिसे झारखंड के अबोध बच्चे समझ नहीं पाए। हमने पहले ही कहा था कि बिना जानकारी लिए परीक्षा रद्द की गई है, यह कोर्ट में नहीं ठहर पाएगा। नियुक्ति रद्द करने को कोर्ट द्वारा स्टे लगाने के बाद छात्रों ने 21 अगस्त को सभी जिला मुख्यालय में राज्य सरकार का पुतला दहन करने की घोषणा की गई थी। पुतला दहन कर रहे छात्रों पर जेएमएम के लोगों द्वारा जगह-जगह लाठियां बरसाई गई।
एक्स हैंडल से ट्वीट कर बुलाई गई थी बैठक
मरांडी ने कहा कि गिरिडीह में एक्स पर एक ट्वीट हुआ, जिसमें इमरान अजीज खान के एक्स हैंडल से जेएमएम के आपातकालीन बैठक की सूचना दी गई थी। जेएमएम के लोग लाठी चलाने के लिए झंडा मैदान गए थे। रांची, हजारीबाग समेत कई जिलों में मारपीट हुई। छात्राओं को भी नहीं छोड़ा गया। रामगढ़ से जेएमएम के एक कार्यकर्ता ने पटक-पटक कर लोगों को मारने की बात कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के सहयोगी दल के नेता अब गुंडागर्दी पर उतर आए हैं।
चिन्हित कर केस करे पुलिस
बाबूलाल ने कहा कि पुलिस को एक्स हैंडल पर ट्वीट कर इमरजेंसी बैठक बुलानेवाले इमरान अजीज खान को चिह्नित कर केस दर्ज करना चाहिए। उनसे पूछान चाहिए कि किस चीज की इमरजेंसी बैठक बुलाई गई थी। कहा कि राज्य में हुई पिटाई के मामले का पूरा वीडियो है। ये पूरे राज्य के छात्रों से जुड़ा मुद्दा है, किसी संगठन से जुड़ा नहीं है। हर तरह से भाजपा अब छात्रों के साथ खड़ी है। भाजपा संवैधानिक अधिकारों को कुचलने का पुरजोर विरोध करेगी। जरुरत पड़ी तो भाजपा के लोग सड़क पर उतरेंगे। प्रेस वार्ता में भाजपा महानगर के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, चुन्नूकांत, मुनिया देवी, महादेव दुबे, नवीन सिन्हा, सिकंदर हेम्ब्रम, सुरेश मंडल, अशोक उपाध्याय, सुभाष चंद्र सिन्हा, मुकेश जालान, राजेश जयसवाल, सुनील पासवान, मिथुन चंद्रवंशी सहित कई भाजपा नेता थे।


