सड़क हादसे में बीकॉम के छात्र की मौत
सरायइनायत थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में बीकॉम छात्र रामकुमार की मौत हो गई। वह ऑफिस से घर लौट रहा था कि उसकी बाइक एक अज्ञात वाहन से टकराकर गिर गई। गंभीर चोटों के चलते अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिवार में शोक का माहौल है।

सरायइनायत थाना क्षेत्र के कोटवा गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार बीकॉम छात्र की मौत हो गई। शनिवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बरईपुर गांव निवासी श्यामजी भारतीय का 22 वर्षीय पुत्र रामकुमार उर्फ पवन बीकॉम का छात्र था। वह उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (कोटवा) में सेंटर मैनेजर के पद पर पार्ट टाइम जॉब भी करता था। शुक्रवार देर शाम ऑफिस से वह बाइक से घर लौट रहा था। कोटवा रोड पर पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन से टकरा कर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और रास्ते में खड़े आवारा मवेशी से जा भिड़ी।
इस हादसे में पवन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक रामकुमार दो भाइयों में बड़ा था। होनहार बेटे की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा है।


