प्रतिनिधिमंडल ने पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा
फूलपुर राजपुर गांव में आजाद समाज पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मृतक पंचायत सहायक वीपी सिंह कठेरिया के परिजनों से मिलकर मदद का आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष प्रभात गौतम ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह दबाव में है और कार्रवाई नहीं कर रहा है। मामले में सांसद चंद्रशेखर आजाद भी संज्ञान में हैं।
सौरिख, संवाददाता। क्षेत्र के फूलपुर राजपुर गांव में शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मृतक पंचायत सहायक वीपी सिंह कठेरिया के परिजनों से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। इस दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रभात गौतम ने कहा कि प्रशासन सत्ता पक्ष के दबाव में आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि मृतक द्वारा लिखे गए तीन पन्नों के सुसाइड नोट में सात लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि मामला सांसद चन्द्रशेखर आजाद के संज्ञान में पहुंच चुका है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तथ्यों के आधार पर आरोपितों को चिन्हित कर जल्द कार्रवाई की जाए, अन्यथा आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष किसान मोर्चा गुड्डू कठेरिया, जिला महासचिव चांद खां, नगर अध्यक्ष अरशद खां, मीडिया प्रभारी अनुज गौतम सहित अन्य पदाधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।


