वंचित 50 हजार लोगों को मिलेगा आयुष्मान कार्ड बनवाने का मौका
वाराणसी में लगभग 50 हजार लोगों को आयुष्मान कार्ड बनाने का एक और मौका मिलेगा। जन्मतिथि और पिता के नाम में गलती ठीक करने के लिए बीडीएमपी पोर्टल का उपयोग होगा। 32 प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्ड बनाए जाएंगे, जबकि कार्ड प्राप्त करने के पात्र लोगों की संख्या 16.90 लाख है।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। आधार में जन्मतिथि, पिता के नाम में गलती या अन्य दस्तावेजी खामी के कारण आयुष्मान कार्ड बनने से वंचित करीब 50 हजार लोगों को फिर मौका मिलेगा। बीडीएमपी पोर्टल के माध्यम से गलतियां दूर कर उनके कार्ड बनाए जाएंगे। हालांकि लाभार्थी के नाम में कोई संशोधन नहीं होगा। कार्ड बनवाने की जिले के 32 प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्था की गई है। उन केन्द्रों के अधीक्षक और एमओआईसी को नोडल बनाया गया है। आयुष्मान कार्ड से सालाना पांच लाख रुपये का नि:शुल्क इलाज होता है। बनारस में 16.90 लाख लोग आयुष्मान योजना की पात्र सूची में हैं।
उनमें 13.50 लाख लोगों का कार्ड बन चुका है। आयुष्मान के रिकॉर्ड में नाम होने के बाद भी कई लोगों के कार्ड रिजेक्ट हो गए थे। बड़ी संख्या में लोगों के आवेदनों एवं दस्तावेजों में दर्ज जानकारियों का आपस में मिलान नहीं होने से दिक्कत आई थी। इस समस्या से समाधान के लिए ग्रामीण क्षेत्र में ब्लॉक स्तरीय आठ सीएचसी-पीएचसी और शहरी क्षेत्र के 24 पीएचसी के अधीक्षक एवं एमओआईसी को नोडल बनाया गया है।


