आयुष्मान कार्ड में संशोधन अब हुआ आसान
बहराइच में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के लिए खुशी की बात है। नए डाटा मैनेजमेंट पोर्टल के जरिए लाभार्थी अपने कार्ड में पिताजी का नाम, जन्म तिथि, लिंग, पता और मोबाइल नंबर जैसे त्रुटियों को आसानी से सुधार सकते हैं। 10.65 लाख लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं।

बहराइच, संवाददाता। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। यदि आयुष्मान कार्ड में पिता का नाम, जन्मतिथि, लिंग, पता या मोबाइल नंबर जैसी कोई त्रुटि है, तो अब उसे आसानी से सुधारा जा सकता है। सरकार ने इसके लिए एक नया डाटा मैनेजमेंट पोर्टल लॉन्च किया है। इस पोर्टल के माध्यम से लाभार्थी के स्वयं के नाम को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के संशोधनों को दुरुस्त कराने की सुविधा शुरू कर दी गई है। सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए पोर्टल पर दर्ज लाभार्थी का विवरण और आधार व राशन कार्ड के विवरण में 80 फीसदी मिलान अनिवार्य होता है।
कुछ मामलों में पिता का नाम, उम्र या पते में मामूली अंतर होने के कारण सिस्टम कार्ड जारी नहीं कर पाता था। जिसकी वजह से पात्रता होते हुए भी लाभार्थी योजना से वंचित रह जाता था। नए डाटा मैनेजमेंट पोर्टल के जरिए अब इन तकनीकी विसंगतियों को दुरुस्त किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब तक 10.65 लाख से अधिक लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। संशोधन कराने के लिए छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मेडिकल कॉलेज या सीएमओ कार्यालय स्थित आयुष्मान हेल्प डेस्क पर संपर्क करना होगा।


