बहुआ की आयुष डॉक्टर ने की सीएमओ की शिकायत
फतेहपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहुआ की आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. आभा श्रीवास्तव ने सीएमओ और एसीएमओ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्हें अपमानित किया गया और जांच का सामना करने के लिए कहा गया। मानसिक तनाव के कारण वह अस्वस्थ हो गईं। अब उन्होंने कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को पत्र लिखा है।

फतेहपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहुआ में तैनात आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. आभा श्रीवास्तव ने सीएमओ और एसीएमओ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक को पत्र भेजकर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है। डॉ. आभा श्रीवास्तव ने बताया कि वह 10 अगस्त को दोपहर डेढ़ बजे तक पीएचसी में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य कर रही थीं। इसी दौरान एसीएमओ डॉ. पीके सिंह का मोबाइल पर फोन आया। इसके बाद मूवमेंट भरने के पश्चात वह सीएमओ कार्यालय पहुंचीं। आरोप है कि वहां उन्हें बताया गया कि उनके खिलाफ गंभीर आरोप हैं और उनकी जांच कराए जाने के निर्देश हैं।
उनके साथ अमानवीय भाषा का प्रयोग किया गया। उन्हें अपमानित कर कार्यालय से भगा दिया गया। इसके बाद वह दुखी होकर कोर्ट की शरण में गईं। उन्होंने बताया कि मानसिक चिंताओं के कारण वह अस्वस्थ हो गईं और अवकाश के लिए पोर्टल पर आवेदन किया। अब वह स्वस्थ हो चुकी हैं। 27 अगस्त को व्यक्तिगत रुप से एमओआईसी बहुआ को अवगत कराया तो उन्हें उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर करने और कार्य करने से मना कर दिया गया। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि उन्हें अब तक किसी कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई है।


