आयुष बाजपेयी राष्ट्रीय मंच पर दिखाएंगे गायकी का हुनर
बहराइच के आयुष बाजपेयी ने 13 वर्ष की उम्र में 'इंडियाज टैलेंट फाइट' में चयनित होकर राष्ट्रीय पहचान बनाई है। आयुष, जो बुद्धा पब्लिक स्कूल में कक्षा 7 के छात्र हैं, संगीत में अपने उत्कृष्टता के लिए नोएडा और तुलसी कुमार की अकादमी से प्रशिक्षण ले चुके हैं। यह शो 25 जुलाई को प्रसारित होगा।

बहराइच। महसी क्षेत्र के भगवानपुर निवासी आयुष बाजपेयी ने अपनी मधुर आवाज और कड़ी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। मात्र 13 वर्ष की उम्र में आयुष का चयन देश के चर्चित सिंगिंग रियलिटी शो इंडियाज टैलेंट फाइट में हुआ है। यह कार्यक्रम 25 जुलाई को रात 11:55 बजे टीवी चैनल पर प्रसारित किया जाएगा। आयुष बुद्धा पब्लिक स्कूल में कक्षा 7 के छात्र हैं। उनके पिता सुंदर लाल बाजपेयी हैं। संगीत के प्रति उनकी लगन और समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। आयुष ने नोएडा से गायन का प्रशिक्षण प्राप्त किया है तथा गायिका तुलसी कुमार की अकादमी से भी सिंगिंग कोर्स पूरा किया है।
मुंबई में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतिभा मंच पर देशभर से चयनित प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। आयुष अपनी गायकी से महसी और बहराइच का नाम रोशन करने जा रहे हैं।कार्यक्रम का प्रसारण टीवी के साथ-साथ विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म और डीटीएच सेवाओं पर भी देखा जा सकेगा, जिससे देश-विदेश के दर्शक उनकी प्रस्तुति का आनंद ले सकेंगे। आयुष की इस उपलब्धि से पूरे महसी क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।


