राष्ट्रीय अंडर-9 शतरंज में महराजगंज के अयांश सिंह बने उपविजेता
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के होनहार शतरंज खिलाड़ी अयांश सिंह
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के होनहार शतरंज खिलाड़ी अयांश सिंह ने 39वीं नेशनल अंडर-9 ओपन चेस चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब जीता है। रांची के सरला बिरला स्कूल में ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में 6 से 12 जुलाई तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अयांश ने पूरे टूर्नामेंट में परिपक्व खेल का प्रदर्शन किया।1768 फिडे रेटिंग वाले नौ वर्षीय अयांश ने 11 राउंड में कुल 9 अंक अर्जित किए। वह चैंपियन रायन मिकाएल रोजारियो (9.5 अंक) से केवल आधा अंक पीछे रहे। प्रतियोगिता के आठवें राउंड के बाद अयांश 7.5 अंकों के साथ अकेले शीर्ष स्थान पर चल रहे थे, जिससे उनकी खिताबी दावेदारी बेहद मजबूत मानी जा रही थी।
टूर्नामेंट के दौरान अयांश ने 1893 रेटिंग वाले मजबूत खिलाड़ी सिद्धार्थ अनुज को हराकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। हालांकि नौवें राउंड में राजस्थान के वियांश भटनागर से अप्रत्याशित हार मिली, लेकिन उन्होंने मानसिक दृढ़ता बनाए रखी। दसवें राउंड में उत्तर प्रदेश के शिवाय सिंह के साथ मुकाबला ड्रॉ खेला और अंतिम राउंड में अंडमान एवं निकोबार के शा जिन्सन सैमुएल को हराकर उपविजेता का स्थान सुनिश्चित कर लिया। अयांश की यह उपलब्धि उनके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। इससे पहले अप्रैल 2026 में सीतापुर में आयोजित उत्तर प्रदेश स्टेट अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप का खिताब भी उन्होंने अपने नाम किया था। यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव एके रायजादा ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अयांश सिंह का चयन अंडर-9 विश्व शतरंज चैंपियनशिप तथा एशियन चेस चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जहां वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने बताया कि उभरते हुए खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जाएगा। अयांश की सफलता पर उनके पिता एवं प्राथमिक शिक्षक राम बिलास सिंह, महराजगंज जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष डॉ. ठाकुर भारत श्रीवास्तव, सचिव सीजे थॉमस, कोषाध्यक्ष विंध्यवासिनी सिंह सहित संघ के सभी पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी तथा विश्व और एशियाई प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी।


