नेत्रदान जागरूकता को मेडिकल कॉलेज से निकली मानव रैली
41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत, शनिवार को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज में नेत्रदान जागरूकता रैली आयोजित की गई। यह रैली नेत्र रोग विभाग द्वारा आयोजित की गई थी और इसका उद्देश्य मृत्यु के बाद नेत्रदान के महत्व को पहचानना और आम लोगों को जागरूक करना था।

41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत शनिवार को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) के नेत्र रोग विभाग की ओर से नेत्रदान के प्रति जागरूकता को लेकर मानव रैली निकाली गई। पखवाड़ा 25 अगस्त से 8 सितंबर तक मनाया जा रहा है। रैली का नेतृत्व मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ आरके महतो और नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ डी कुमार ने किया। रैली पीजी बिल्डिंग स्थित नेत्र रोग विभाग के ओपीडी से शुरू होकर स्टील गेट होते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और विद्यार्थियों ने लोगों को नेत्रदान के महत्व की जानकारी दी तथा मृत्यु के बाद नेत्रदान कर किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी लाने का संदेश दिया।रैली
के बाद पुराने ओपीडी भवन में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर नेत्रदान से जुड़े भ्रम और भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया। साथ ही लोगों से अधिक से अधिक संख्या में नेत्रदान के लिए संकल्प लेने की अपील की गई। डॉ डी कुमार ने कहा कि नेत्रदान महादान है। जागरूकता के अभाव में कई लोग मृत्यु के बाद नेत्रदान नहीं कर पाते। ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को नेत्रदान की प्रक्रिया और इसके महत्व की जानकारी देकर समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाना ही अभियान का मुख्य उद्देश्य है।


