आत्महत्या के विचारों को समझने और समय पर मदद देने पर जोर
पीलीभीत में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इंटर्न चिकित्सकों ने साइको ड्रामा के माध्यम से आत्महत्या के विचार उत्पन्न करने वाली परिस्थितियों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक संकट के संकेतों को पहचानने और जरूरतमंद व्यक्ति को सहायता प्रदान करने पर जोर देना था।

पीलीभीत। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय के मानसिक रोग विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें इंटर्न चिकित्सकों ने साइको ड्रामा के जरिए आत्महत्या के विचार उत्पन्न होने की अलग-अलग परिस्थितियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के माध्यम से मानसिक संकट के संकेतों को समय रहते पहचानने और जरूरतमंद व्यक्ति को उचित सहायता उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया। साइको ड्रामा में प्रेम संबंध में असफलता और अलगाव, शराब की लत, समलैंगिकता से जुड़े मानसिक एवं सामाजिक तनाव तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के दबाव जैसी परिस्थितियों को प्रदर्शित किया गया।
इनके माध्यम से बताया गया कि मानसिक तनाव से गुजर रहे व्यक्ति के व्यवहार में होने वाले बदलावों को परिवार, मित्र, शिक्षक और आसपास के लोगों को गंभीरता से लेना चाहिए। प्रधानाचार्य डॉ. अमित कुमार ने कहा कि मानसिक तनाव या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहे व्यक्ति को अपनी बात खुलकर रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। परिवार को उसकी बात संवेदनशीलता और धैर्य से सुननी चाहिए। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसपी सिंह ने लोगों को अकेलेपन से बाहर आने और एक-दूसरे से संवाद बनाए रखने का संदेश दिया। उप प्रधानाचार्य डॉ. अरुण सिंह ने कहा कि आत्महत्या के विचारों को छिपाने या नजरअंदाज करने के बजाय उनके बारे में खुलकर बात करना जरूरी है। परिवार, शिक्षक, मित्र और स्वास्थ्यकर्मी समय रहते चेतावनी संकेतों को पहचानकर व्यक्ति को उचित सहायता से जोड़ें तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। विभागाध्यक्ष मानसिक रोग विभाग डॉ. प्रियंका भटनागर ने कहा कि आत्महत्या का विचार अक्सर गंभीर मानसिक और भावनात्मक संकट का संकेत होता है। साइको ड्रामा में इंटर्न चिकित्सकों ने विभिन्न भूमिकाएं निभाईं। डॉ. प्रणव सिंह ने तांत्रिक, डॉ. भूपेश ने चिकित्सक, डॉ. काव्या गंगवार ने मनोवैज्ञानिक, डॉ. इति वर्मा ने पढ़ाई के दबाव से जूझ रही छात्रा, डॉ. तौफीक अंसारी ने पिता, डॉ. भर आलम ने समलैंगिक व्यक्ति, डॉ. मरियम जहरा ने उनकी बहन, डॉ. आशुतोष चौहान ने ब्रेकअप से प्रभावित युवक, डॉ. आकृति वर्मा ने युवती, डॉ. वासी ने फर्जी चिकित्सक और डॉ. शिवांशु सिंह ने शराब की लत से प्रभावित मित्र की भूमिका निभाई।

