सुरक्षित और सम्मानजनक कैंपस पर एक्सआईएसएस में मंथन
रांची के जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस में यौन उत्पीड़न रोकने के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों को उत्पीड़न की रोकथाम और शिकायत निवारण की प्रक्रिया से परिचित कराना था। निदेशक डॉ कुजूर ने सभी सदस्यों को अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी देने पर जोर दिया।

रांची, विशेष संवाददाता। जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस (एक्सआईएसएस) रांची की इंटरनल कंप्लेंट्स कमिटी (आईसीसी) की ओर से मंगलवार को सुरक्षित और सम्मानजनक कैंपस बनाना विषय पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम (पॉश) अधिनियम 2013 को लेकर जागरुकता कार्यक्रम हुआ। इसका उद्देश्य शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को यौन व अन्य प्रकार के उत्पीड़न की रोकथाम, रिपोर्टिंग और शिकायत निवारण की प्रक्रिया से अवगत कराना था। संस्थान के निदेशक डॉ जोसफ मारियानुस कुजूर ने कहा कि संस्थान के प्रत्येक सदस्य को अपने अधिकारों व जिम्मेदारियों को समझने के साथ दूसरों की गरिमा का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने पॉश अधिनियम के प्रति जागरुकता को परिसर में सुरक्षा, जिम्मेदारी व जवाबदेही की संस्कृति विकसित करने का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
इससे पहले आईसीसी की पीठासीन अधिकारी डॉ मधुमिता सिंघा ने कार्यक्रम के उद्देश्यों, कैंपस में जागरुकता बढ़ाने और शिकायत निवारण तंत्र की जानकारी दी। तीनों सत्रों की शुरुआत फिया फाउंडेशन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर जॉनसन तोपनो ने की।सत्रों में गलत व्यवहार की पहचान, अधिकारों व जिम्मेदारियों की समझ, व्यक्तिगत सीमाओं का सम्मान और अस्वीकार्य व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। फिया फाउंडेशन की संसाधनसेवी अर्चना टोप्पो ने यौन उत्पीड़न सहित अन्य प्रकार के उत्पीड़न से जुड़ी चिंताओं की रोकथाम, संस्थान की जिम्मेदारियों और उचित प्रतिक्रिया के तरीकों पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम का समापन सवाल-जवाब सत्र से हुआ। इसमें प्रतिभागियों ने पॉश के व्यावहारिक और कानूनी पहलुओं से जुड़े सवाल पूछे। कार्यक्रम का समन्वय आईसीसी सदस्यों डॉ शारदा सिंह, डॉ पूजा, डॉ बिनीत लकड़ा और कोयल मुखर्जी ने किया।


