नाबालिग की सहमति का कोई कानूनी महत्व नहीं
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बुधवार को सुदिति ग्लोबल अकादमी में पॉक्सो अधिनियम के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित व्यवहार की पहचान, अनुचित स्पर्श से सुरक्षा और सहायता कैसे मांगे, इसकी जानकारी दी गई। न्यायधीश अखिलेश्वर प्रसाद मिश्रा ने बच्चों के अधिकारों और कानूनी सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बुधवार को सुदिति ग्लोबल अकादमी में पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को सुरक्षित-असुरक्षित व्यवहार की पहचान, अनुचित स्पर्श से बचाव और परेशानी होने पर सहायता लेने के तरीके बताए गए। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम अखिलेश्वर प्रसाद मिश्रा ने कहा कि कानून की दृष्टि में 18 वर्ष से कम आयु का प्रत्येक व्यक्ति बच्चा है। नाबालिग से संबंधित मामलों में उसकी सहमति का कोई कानूनी महत्व नहीं होता। बच्चों की सुरक्षा के लिए कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से किसी भी तरह के शोषण, अनुचित स्पर्श अथवा असुरक्षित परिस्थिति को छिपाने के बजाय अभिभावक, शिक्षक, पुलिस या विधिक सेवा संस्थाओं से सहायता लेने को कहा।
विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और पॉक्सो अधिनियम के उल्लंघन पर होने वाले कानूनी परिणामों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम की समन्वयक एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता ने प्रधानाचार्य को कक्षाओं में चित्र और पोस्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक करने के निर्देश दिए। बच्चों की समस्याओं की जानकारी और उनके निस्तारण के लिए विद्यालय में शिकायत पेटिका लगाने को भी कहा। प्रधानाचार्य कंचनलता तिवारी, शिक्षक बृजेश चौधरी, देवशक्ति, कार्यालय प्रभारी दिलीप कुमार, ऋषभ पोरवाल और पीएलवी समेत विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। यह अभियान दो अक्तूबर को गांधी जयंती के अवसर पर विद्यालयों में बच्चों को पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूक करने के लिए चलाया जा रहा है।

