विश्व जनसंख्या दिवस पर महागामा सीएचसी में परिवार नियोजन जागरूकता कार्यक्रम
महागामा में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरीकरण पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी और चिकित्सा अधिकारियों ने इसका उद्घाटन किया। कार्यक्रम में परिवार नियोजन के साधनों, छोटे परिवार के लाभ, मातृत्व स्वास्थ्य पर जोर दिया गया।

महागामा, एक संवाददाता,विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सोमवार को महागामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरीकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनाराम हांसदा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ खालिद अंजुम एवं प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक देवेंद्र पंडित ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।इस अवसर पर लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों, छोटे परिवार के लाभ, सुरक्षित मातृत्व तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ लेने और स्वास्थ्य संस्थानों से नियमित परामर्श लेने की अपील की गई।साथ ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मोहम्मद खालिद अंजुम द्वारा प्रखंड अंतर्गत 20 टीवी रोगियों को फूड बास्केट का भी वितरण किया गया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण एवं परिवार कल्याण कार्यक्रम समाज के सतत विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से ही स्वस्थ एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।परिवार नियोजन काउंसलर राजीव कुमार एवं एएनएम ममता कुमारी ने अंतरा, कॉपर-टी, छाया, माला-एन, आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली तथा निरोध के उपयोग और उनके लाभों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही छोटे परिवार को बढ़ावा देने के लिए पुरुष एवं महिला नसबंदी के बारे में भी लोगों को जागरूक किया।कार्यक्रम के दौरान परिवार नियोजन अपनाने वाले सात योग्य दंपतियों को सम्मानित किया गया। वहीं लाभार्थियों के बीच माला-एन की 54, छाया की 64, कॉपर-टी की एक, निरोध के 510 तथा आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली की 23 इकाइयों का वितरण किया गया।मौके पर अन्नू कुमारी, प्रेमलता, राकेश मरांडी, पीयूष प्रभाकर, शकील अहमद, अमित कुमार, अब्दुल मन्नान, कुमोद रंजन, असलम रिजवी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में जनसंख्या स्थिरीकरण एवं परिवार कल्याण संबंधी संदेशों के व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया गया।


