विद्यार्थियों को चरित्र निर्माण के लिए किया जागरूक
छिबरामऊ के विमला देवी इंटर कॉलेज में प्रौटिस्ट यूनिवर्सल द्वारा जीवन के उद्देश्य और नैतिक मूल्यों पर एक विशेष कक्षा का आयोजन किया गया। आचार्य पुण्येशानन्द ने विद्यार्थियों को शिक्षा का सही उद्देश्य बताया। कार्यक्रम में शिक्षा के साथ चरित्र और सामाजिक जिम्मेदारी की बात की गई। विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से चर्चा में भाग लिया।

छिबरामऊ, संवाददाता। विमला देवी इंटर कॉलेज में प्रौटिस्ट यूनिवर्सल के तत्वावधान में शिक्षा एवं नैतिक मूल्यों पर आयोजित विशेष कक्षा में विद्यार्थियों को जीवन के सही उद्देश्य और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया। प्रौटिस्ट यूनिवर्सल के चीफ सेक्रेेटरी आचार्य पुण्येशानन्द अवधूत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने का साधन नहीं है। इसका वास्तविक उद्देश्य शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और नैतिक विकास के साथ विद्यार्थियों को समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने सत्यनिष्ठा, अनुशासन, सहयोग, सेवा-भाव और सकारात्मक सोच को जीवन का अभिन्न अंग बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में प्रौटिस्ट यूनिवर्सल के अभिनव कुमार ने साधना करने का प्रदर्शन भी किया।
उन्होंने बताया कि इस कक्षा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में चरित्रवान व्यक्तित्व, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक जीवन-दृष्टि का विकास करना है। विद्यार्थियों ने विषय से जुड़े प्रश्न पूछे और चर्चा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और अध्यापकों ने ऐसी ज्ञानवर्धक कक्षाओं के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रिंसीपल रीता पाल, डॉ.उषा यादव, डॉ.रजनेश यादव, दमयंती बाथम, श्याम बाबू, जगमोहन, रीना पाल, मुस्कान, नीरज देवी, रोहित, अवधेश सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


