सोशल मीडिया पर अनजान दोस्ती पड़ सकती है भारी : दीपक कुमार
पब्लिक उच्च विद्यालय केदला नगर में साइबर अपराध और नशा मुक्ति पर जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ओपी प्रभारी दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी और डीपफेक वीडियो फ्रॉड के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान दोस्ती करना भारी पड़ सकता है और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

सोशल मीडिया पर अनजान दोस्ती पड़ सकती है भारी : दीपक कुमार केदला, निज प्रतिनिधि।
पब्लिक उच्च विद्यालय केदला नगर में बुधवार को वेस्ट बोकारो ओपी पुलिस की ओर से साइबर अपराध एवं नशा मुक्ति को लेकर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों से सावधान करने के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरुक करना था।
जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन
कार्यक्रम की अध्यक्षता केदला मध्य पंचायत की मुखिया पूजा कुमारी और संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक विद्यानंद सिंह ने किया। मौके पर ओपी प्रभारी दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना कई बार भारी पड़ सकता है।
साइबर अपराध के उपाय
साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को डीपफेक वीडियो फ्रॉड के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि तकनीक का गलत इस्तेमाल कर अपराधी किसी व्यक्ति के चेहरे और आवाज का दुरुपयोग करते हुए फर्जी वीडियो तैयार कर सकते हैं। ऐसे मामलों में सावधानी बरतना बेहद जरुरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।
नशे से दूरी
नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए ओपी प्रभारी ने युवाओं से नशे से दूरी बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा स्वस्थ रहेंगे तो समाज और देश मजबूत बनेगा। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद थे। मौके पर मुख्य रुप से रितेश सिंह, पुअनी राजु उरांव, गोवर्धन गुप्ता, रामचंद्र राम सहित अन्य लोग मौजूद थे।
फोटो केदला 02- केदला में बुधवार को साइबर क्राइम की जानकारी देते वेस्ट बोकारो ओपी पुलिस

