अनुचित स्पर्श और असुरक्षित व्यवहार की पहचान बताई
सेंट फ्रांसिस में प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम-2012 के नियमों की जानकारी दी गई। अपर जिला जज पारूल जैन ने बच्चों को सुरक्षित व्यवहार की पहचान और खतरे की स्थिति में मदद लेने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के तहत शिक्षकों को भी जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

सेंट फ्रांसिस में गुरुवार को प्रार्थना सभा के दौरान छात्र-छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम-2012 के प्रावधानों की जानकारी दी गई। बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित व्यवहार की पहचान करने के साथ किसी समस्या अथवा खतरे की स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया। अपर जिला जज प्रथम पारूल जैन ने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु का प्रत्येक व्यक्ति कानून की दृष्टि में बच्चा है। बच्चों की सुरक्षा के लिए कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं। नाबालिग से जुड़े मामलों में उसकी सहमति का कोई कानूनी महत्व नहीं होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के शोषण, अनुचित स्पर्श अथवा असुरक्षित परिस्थिति के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि समस्या या खतरे की स्थिति में बच्चे चुप न रहें। इसकी जानकारी तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को दें। विधिक सेवा संस्थाओं से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता ने प्रधानाचार्य को कक्षाओं में चित्रकला और पोस्टर के माध्यम से बच्चों को जागरूक कराने के निर्देश दिए। शिक्षकों से भी पॉक्सो कानून की जानकारी देने को कहा गया। बच्चों की शिकायतों और समस्याओं के निस्तारण के लिए विद्यालय परिसर में शिकायत पेटिका लगाने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य फादर एंटनी चाको, उप प्रधानाचार्य अनीता मेरी, गौरव कुमार पोरवाल, सिनोज जान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय प्रभारी दिलीप कुमार, ऋषभ पोरवाल और पराविधिक स्वयंसेवक मौजूद रहे।

