बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक
शुक्रवार को महिला कल्याण विभाग द्वारा तुर्कीपुर स्थित विद्यालय में 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बालिका शिक्षा, महिला सुरक्षा और बाल विवाह के उन्मूलन के बारे में जानकारी दी गई, साथ ही टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की भी विस्तार से जानकारी साझा की गई।

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शुक्रवार को महिला कल्याण विभाग की ओर से तुर्कीपुर स्थित उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बालिका शिक्षा, महिला सुरक्षा, बाल विवाह उन्मूलन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को बताया गया कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में सभी की सहभागिता जरूरी है। साथ ही महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 181, 112, 1076, 1090, 108 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर सपना देवी और दिव्या सोनी ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और शिक्षा के प्रति समाज को जागरूक करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।


