विद्यापति सभागार में पंच सम्मेलन शुरू
पूसा में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 के लिए जिला स्तरीय पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और 2047 तक भारत के विकास के लिए पंचायतों के महत्व पर चर्चा की। वक्ताओं ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की आवश्यकता को भी बताया।

पूसा, निज संवाददाता। विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 के संबंध में जागरुकता को लेकर बुधवार को जिला स्तरीय पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन का उद्घाटन
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विवि के विद्यापति सभागार में आयोजित सम्मेलन का उद्घाटन डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। मौके पर प्रखंड प्रमुख रविता तिवारी, बीडीओ रविश कुमार रवि, मुखिया संजीव कुमार सिंह, राजीव कुमार, आशुतोष चौधरी, पंसस रमेंन्द्र स्वरूप, दिनेश कुमार, जिप सदस्य रवि रौशन समेत जिले भर के प्रतिनिधि मौजूद थे।
विकास के लिए जनप्रतिनिधियों की भूमिका
मौके पर वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए चहुंमुखी विकास जरूरी है। इसकी शुरूआत गांव-पंचायतों से ही संभव है। इसमें जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम है। इस कड़ी को सशक्त करने में सरकार की वीबी-जी रामजी योजना एक मजबूत कड़ी है। यह ग्रामीण विकास को गति देने में अहम भूमिका निभायेगा। इसके लिए इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए योजनाओं के चयन से लेकर उसके क्रियान्वयन के तौर-तरीकों को जानना जरूरी है। यह सम्मेलन प्रतिनिधियों के ज्ञान को अपडेट करने के साथ विकास योजना को गति देने के लिए उर्जा उपलब्ध करायेगा।
विभिन्न योजनाओं की चर्चा
वक्ताओं ने कहा कि स्कूल का वर्ग कक्ष, प्रयोगशाला भवन, चहारदिवारी, विधवाओं की आजीविका की व्यवस्था, बाढ़ आश्रय स्थल जैसे 318 तरह की योजनाओं को कर विकास गति को तेज की जा सकती है। कार्यो को गति देने के लिए प्रशासनिक व तकनीकी स्वीकृति को भी सरल बनाया गया है।

