डरो नहीं, आवाज उठाओ छात्र-छात्राओं को बताए सुरक्षा और अधिकारों के कानून
महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर भुलावई स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, बच्चों के अधिकार, कानूनी प्रावधानों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। करीब 150 बच्चों और शिक्षकों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे विशेष मिशन शक्ति एवं पॉक्सो जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय भुलावई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, बच्चों के अधिकार, कानूनी प्रावधानों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में 25 सितंबर से एक अक्टूबर तक विद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट अवधेश कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संजीव कुमार सिंह, पैनल लॉयर्स, मिशन शक्ति प्रभारी थानाध्यक्ष डॉ. रुकमपाल सिंह, प्रधानाचार्य अब्दुल सईद, उपनिरीक्षक धनवीर सिंह, महिला हेड कांस्टेबल डोली रानी, महिला कांस्टेबल ज्ञानवती समेत मिशन शक्ति टीम मौजूद रही।
कार्यक्रम में करीब 150 छात्र-छात्राओं और शिक्षकगण ने सहभागिता की। अधिकारियों ने बच्चों को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों, उनके अधिकारों और आपात स्थिति में पुलिस व संबंधित विभागों से सहायता लेने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही साइबर ठगी और अन्य ऑनलाइन अपराधों से सतर्क रहने के उपाय बताए गए। छात्र-छात्राओं को 1090, 181, 112, 1930 और 1098 समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। बच्चों ने जागरूकता कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अध्यापक अब्दुल सईद ने किया।

