आर्यन हेरिटेज स्कूल में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
आर्यन हेरिटेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में '10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान' के तहत नशे के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने और स्वस्थ समाज बनाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली और इसे फैलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से ऐनेकी हेतमपुर स्थित आर्यन हेरिटेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी रजनी दीदी, ब्रह्माकुमारी शैलकुमारी, ब्रह्माकुमारी मंजू, जयप्रकाश और लोकेश कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण तथा स्वयं नशे से दूर रहने की शपथ ली।विद्यालय की शिक्षिकाएं किरण लता, रूबी और कला ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। विद्यालय के अन्य शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। विद्यालय की चेयरपर्सन वंदना त्यागी, जॉइंट डायरेक्टर आकर्ष त्यागी और प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना समाजहित में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी बहनों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।


