शिकायत निस्तारण में औरैया मंडल में अव्वल, प्रदेश के टॉप-10 में जगह
औरैया ने अगस्त की आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश के शीर्ष-10 जिलों में स्थान बनाया है। जिले को मंडल स्तर पर पहला स्थान मिला। प्रशासन ने शिकायतों का 100% निस्तारण समय सीमा में किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और शिकायतों के स्थलीय सत्यापन पर जोर दिया।

जन शिकायतों के निस्तारण में औरैया ने अगस्त की आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश के शीर्ष-10 जिलों में स्थान बनाया है। मंडल स्तर पर जिले को पहला स्थान मिला है। प्रशासन का दावा है कि आईजीआरएस पोर्टल पर अगस्त में मिली शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक विपिन पाल ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण में समय सीमा के साथ गुणवत्ता, तथ्यों की जांच और शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर ध्यान दिया गया। अलग-अलग विभागों को प्राप्त शिकायतों की लगातार निगरानी की गई। लंबित मामलों को समय से निपटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी बृजेश कुमार आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। समीक्षा के दौरान विभागवार लंबित और संवेदनशील मामलों की स्थिति देखी जाती है। अधिकारियों को शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण करने के बजाय जरूरत के अनुसार स्थलीय सत्यापन और तथ्यों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायतकर्ता से संवाद कर वास्तविक स्थिति जानने पर भी जोर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अविनाश चंद्र मौर्य भी विभागवार शिकायतों की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के साथ एक ही तरह की शिकायतें बार-बार आने के कारणों का समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन पर अधिकारियों और कर्मचारियों के काम की सराहना की। साथ ही कहा कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जारी रखा जाए। प्रयास किया जाए कि आगामी रैंकिंग में औरैया प्रदेश में पहला स्थान हासिल करे।


