एयूडी ने खाली सीटों के लिए शुरू किया विशेष दाखिला अभियान
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता डॉ. बी.आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली (एयूडी) ने एयूडी ने खाली सीटों के लिए शुरू किया विशेष दाखिला अभियान

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता
डॉ. बी.आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली (एयूडी) ने स्नातक और स्नातकोत्तर के चुनिंदा पाठ्यक्रमों में खाली सीटों पर प्रवेश के लिए वॉक-इन विशेष प्रवेश अभियान के दूसरे चरण की घोषणा की है। इसके तहत अभ्यर्थी 14 सितंबर तक विश्वविद्यालय के संबंधित ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। जिन अभ्यर्थियों ने संबंधित पाठ्यक्रम के लिए पहले ही पंजीकरण कर रखा है, उन्हें दोबारा पंजीकरण करने की जरूरत नहीं है। विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को 16 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच कश्मीरी गेट परिसर में रिपोर्ट करना होगा।
प्रवेश प्रक्रिया
खाली सीटों की उपलब्धता के आधार पर प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। संबंधित पाठ्यक्रम के लिए विश्वविद्यालय की प्रवेश पुस्तिका में निर्धारित न्यूनतम पात्रता शर्तें लागू होंगी।
सीयूईटी परीक्षण
विश्वविद्यालय ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) नहीं दिया है, वे बीए और बीएड को छोड़कर अन्य पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। प्रवेश मिलने पर निर्धारित शुल्क मौके पर ही जमा करना होगा। दस्तावेजों में कमी दूर करने या शुल्क जमा करने के लिए कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। विभिन्न पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों और प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट देख सकते हैं।


