घर में घुसकर छात्रा को उठाने की कोशिश, विरोध पर तमंचे की बट से हमला
ग्राम जरैला मल्होसी में 18 वर्षीय छात्रा का अपहरण करने का प्रयास हुआ। जब छात्रा ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। ग्रामीणों के आने पर आरोपी भाग गए। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

परिजनों के खेत पर जाते ही घर में घुसकर 18 वर्षीय छात्रा का अपहरण करने की कोशिश की गई। आरोप है कि विरोध करने पर छात्रा के साथ मारपीट की गई और तमंचे की बट से हमला कर घायल कर दिया गया। छात्रा के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े, जिसके बाद आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम जरैला मल्होसी निवासी प्रमोद कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री कुमकुम स्वर्गीय महाराज सिंह इंटर कॉलेज, इटली में कक्षा 10 की छात्रा है।
आरोप है कि गांव निवासी अजय कुमार उर्फ बल्लू काफी समय से उनकी पुत्री को परेशान कर रहा था। अप्रैल में स्कूल जाते समय भी उसने छात्रा का रास्ता रोककर उसे परेशान किया था, जिसकी शिकायत उसके पिता सर्वेश से की गई थी। आरोप है कि 5 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे प्रमोद कुमार और उनकी पत्नी खेत पर गए हुए थे। इसी दौरान अजय कुमार उर्फ बल्लू, आशुतोष उर्फ सचिन, सर्वेश और अवधेश घर में घुस आए। चारों ने छात्रा को जबरन घर से बाहर घसीटकर ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि एक आरोपी ने तमंचे की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया। छात्रा के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी छात्रा को छोड़कर भाग निकले। पीड़ित पक्ष का दावा है कि आरोपियों का वाहन घटनास्थल पर ही छूट गया। जाते समय आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी देते गए। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा ले गई। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उसे सैफई के 100 बेड अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष सुरेशचन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


