एनएच-19 पर एआरटीओ की बड़ी कार्रवाई, 10 बसों की जांच में 2.70 लाख रुपये वसूले
औरैया में एआरटीओ प्रवर्तन ने मंगलवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर अनधिकृत बसों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। दस बसों की जांच में सात बसों पर 2.70 लाख रुपये का ऑनलाइन जुर्माना लगाया गया। दो बसों का चालान किया गया और एक बस को सीज कर दिया गया। यात्री सुविधाओं के लिए वैकल्पिक बस व्यवस्था की गई।

औरैया, संवाददाता। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार देर रात एआरटीओ प्रवर्तन के विशेष अभियान के दौरान अनाधिकृत रूप से संचालित बसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान 10 बसों की जांच की गई, जिनमें विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर सात बसों से कुल 2.70 लाख रुपये का ऑनलाइन जुर्माना मौके पर जमा कराया गया। वहीं दो बसों का चालान किया गया और एक बस को सीज कर दिया गया। एआरटीओ एन.सी. शर्मा ने बताया कि प्रवर्तन अभियान के दौरान कई बसें बिना वैध दस्तावेजों और निर्धारित नियमों के विपरीत संचालित होती मिलीं। कार्रवाई के दौरान सात बस संचालकों ने मौके पर ही ऑनलाइन चालान राशि जमा कर दी।
दो बस संचालकों ने चालान का भुगतान करने से इनकार कर दिया, जिसके चलते उनके चालान किए गए। विभाग अब उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी करेगा। कार्रवाई के दौरान एक बस को गंभीर अनियमितताओं के चलते कोतवाली सदर क्षेत्र की देवकली पुलिस चौकी में निरुद्ध (सीज) कर दिया गया। इसके अलावा एक बैकहो लोडर भी पकड़ा गया, जिसका जुलाई 2024 से टैक्स बकाया था तथा उसकी फिटनेस और बीमा की वैधता भी समाप्त हो चुकी थी। वाहन को भी देवकली चौकी में सीज कर दिया गया। अभियान के दौरान बस में सवार यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए एआरटीओ ने तत्काल दूसरी बस की व्यवस्था कर यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया। इस व्यवस्था की यात्रियों ने सराहना की। परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 16 जून तक जिले में कुल 861 चालान किए गए, जबकि 74 वाहन सीज किए गए। इस अवधि में हेलमेट के 442, सीट बेल्ट के 150, बीमा के 143, नंबर प्लेट के 109 तथा ओवरलोडिंग के 72 चालान किए गए। प्रवर्तन कार्रवाई से परिवहन विभाग को 50.13 लाख रुपये राजस्व प्राप्त हुआ है। एआरटीओ प्रवर्तन एन.सी. शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना वैध दस्तावेजों, टैक्स बकाया या अनाधिकृत रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


