सहायक जेल अधीक्षक को किया गया निलंबित
दरभंगा मंडल कारा के सहायक अधीक्षक नंदू चौधरी को पत्नी की हत्या के मामले में निलंबित किया गया है। उन्हें समस्तीपुर में दहेज हत्या का आरोप जोड़ा गया है और उनके खिलाफ वारंट जारी है। गृह विभाग ने उन्हें बेतिया में मुख्यालय भेज दिया है और आरोप तय करने का आदेश दिया है।

शशिनाथ सिंह,लहेरियासराय। दरभंगा मंडल कारा के सहायक अधीक्षक नंदू चौधरी को गृह विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ समस्तीपुर में दहेज के लिए पत्नी की हत्या करने का मामला दर्ज है।इस मामले में न्यायालय से उनके विरुद्ध वारंट भी जारी था। निलंबन की अवधि के दौरान उनका मुख्यालय मंडल कारा, बेतिया निर्धारित किया गया है। गृह विभाग ने दरभंगा मंडल कारा अधीक्षक को एक सप्ताह के भीतर सहायक अधीक्षक के खिलाफ प्रपत्र ‘क’ के तहत आरोप गठित कर भेजने का निर्देश दिया है। दरभंगा मंडल कारा की जेल अधीक्षक स्नेह लता ने निलंबन की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि सहायक अधीक्षक नंदू चौधरी पिछले दो महीने से बिना किसी पूर्व सूचना या आधिकारिक अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे। उनकी पत्नी की मौत के मामले में पहले ही कोर्ट से वारंट निकला हुआ था। इसे देखते हुए गृह विभाग (कारा) ने उनके निलंबन की कार्रवाई की है। जेल अधीक्षक ने बताया कि विभाग से प्राप्त आदेश के आलोक में निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपी सहायक अधीक्षक के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित कर मुख्यालय भेज दिया जाएगा।


