अभियंता से मारपीट के विरोध में इंजीनियरों का अल्टीमेटम
बागेश्वर में बाजपुर के लेवड़ा पुल पर बारिश के पानी को लेकर अभियंता राजीव गौड़ के साथ मारपीट की गई। पूर्व विधायक प्रत्याशी राजेश कुमार और उनके साथियों पर आरोप है। इंजीनियर संघ ने घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की। विरोध में इंजीनियर विकास कार्यों का बहिष्कार कर सकते हैं।
देवेंद्र पांडे, बागेश्वर। बाजपुर के लेवड़ा पुल पर बरसात का पानी आने के मामले में लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता राजीव गौड़ से मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप पूर्व विधायक प्रत्याशी राजेश कुमार और उनके साथियों पर लगा है। घटना के विरोध में सोमवार को बागेश्वर निरीक्षण भवन में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ की आपात बैठक हुई। अभियंताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संघ के अनुसार, पीड़ित अभियंता ने बाजपुर कोतवाली में तहरीर दी है। संघ ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो जिलेभर में विकास कार्य बंद कर इंजीनियर कार्य बहिष्कार करेंगे।
इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विपिन चंद्र सनवाल और संचालन महिला उपाध्यक्ष दीपिका ने किया। इस दौरान पूनम बिष्ट, गौरव पांडे, नेहा सिंह, विकास सिंह, शैलेश और दिव्या समेत कई अभियंता मौजूद रहे।


